रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत 18 आरोपियों के खिलाफ चार अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। इनमें कई अपराधी जेल में बंद हैं, जबकि कुछ अब भी फरार हैं। पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी है। संपत्तियों का ब्योरा भी खंगालना शुरू कर दिया है।
पहले मुकदमे में पुलिस ने जैत निवासी बंटी उर्फ प्रतीक उर्फ सोनू, पतलू और बृजबाला के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें से बंटी और बृजबाला जेल में हैं, जबकि पतलू फरार है। दूसरे मुकदमे में वाराणसी निवासी विशाल उर्फ अलगू यादव, सुजीत यादव, साहिल यादव, अमन यादव, राहुल यादव उर्फ आलोक यादव और रामजग यादव उर्फ जग्गू को आरोपी बनाया गया है।
सभी आरोपी पहले से ही जेल में बंद हैं। तीसरे मुकदमे में पुलिस ने दुद्धी के टेढ़ा निवासी इरफान अहमद और उपेंद्र कुमार के खिलाफ कार्रवाई की है। उपेंद्र को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि इरफान फरार है। चौथे मुकदमे में शामिल सभी सात आरोपी वांछित हैं।
इसमें ओबरा निवासी संदीप जिंदल, संतोष कुमार गुप्ता, चंदौली निवासी उमाकांत यादव, डाला निवासी राकेश पाठक, वाराणसी निवासी अमित कुमार सिन्हा और बांदा निवासी मोहित सिंह व अर्जुन सिंह शामिल हैं। इन सभी की तलाश की जा रही है।
कोतवाल सत्येंद्र राय ने बताया कि सभी आरोपी समाज विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं और इनके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य के आधार पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार अपराधियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।