घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के कोहरथा गांव में मंगलवार को बाइक सवार युवक बच्चों को झांसा देकर कीमती आभूषण व नकदी चुरा ले गए थे। इस मामले में मंगलवार को देर रात दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
घोरावल कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात कोहरथा निवासी सुषमा गुप्ता पत्नी बब्बन गुप्ता ने तहरीर देकर बताया है कि उनके पति बाहर काम करते हैं। मंगलवार को वह खेत पर गई थीं। घर पर उनके दो बेटे अंशु व अंश मौजूद थे। इस बीच शाम करीब पौने चार बजे दो लोग उनके घर आए और बच्चों को झांसा देकर घर में घुस गए। दोनों अज्ञात चोर घर में आलमारी में रखे बीस हजार रुपये नकद व सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि सुषमा गुप्ता की तहरीर पर दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मंगलवार को देर रात मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
क्षेत्र में पहले भी दिनदहाड़े हो चुकी है चोरी
घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के खुटहा गांव में 22 जुलाई 2020 को दिनदहाड़े दो अज्ञात बाइक सवार लोग एक घर में घुसकर चाकू दिखाकर करीब 90 हजार रुपये मूल्य के आभूषण व नकदी छीनकर फरार हो गए थे। खुटहा गांव निवासी छविंद्रनाथ शर्मा घर पर नहीं थे। उनकी बहू पूनम अपने 10 माह के बच्चे के साथ अकेली थीं। उसी दौरान अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे बाइक से दो लोग आए और घर के अंदर घुसकर चाकू की नोक पर बहू को डरा धमकाकर घर में रखे बक्से व आलमारी का ताला तोड़ दिया। इसके बाद 12 थान सोने व चांदी के आभूषण, घड़ी, मोबाइल फोन और दह हजार रुपये नकदी लूट ले गए थे।