दुद्धी। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में 38 वर्ष बाद संगीत विषय का शिक्षक मिला। विद्यालय में संगीत का शिक्षक न होने से छात्राओं को संगीत की शिक्षा नहीं मिल पा रही थी। विद्यालय में संगीत सहित 10 शिक्षिकाओं को नई तैनाती मिली है।
इससे पूर्व चार शिक्षकों के सहारे छठीं से 12वीं तक की कक्षाएं चल रही थीं। इसके चलते शिक्षण कार्य बाधित हो रहा था। अब कई विषयों के शिक्षकों की तैनाती होने पर विद्यालय में शिक्षकों की संख्या कुछ हद तक ठीक हो गई है। वैसे हाई स्कूल और इंटर में भी कई शिक्षकों के पद अब भी खाली पड़े हुए हैं। लंबे समय बाद विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती होने से शिक्षा व्यवस्था में काफी हद तक सुधार होने की उम्मीद है। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राधेश्याम सिंह ने बताया कि लंबे समय कॉलेज में 10 विषयों के शिक्षकों की तैनाती हुई है। इससे विद्यालय में अधिकांश विषयों का शिक्षण कार्य ठीक ढंग से हो सकेगा। उन्होंने बताया कि हिंदी, संस्कृत, इतिहास, नागरिक शास्त्र, मनोविज्ञान, रसायन विज्ञान, संगीत, व्यायाम कला सहित 10 विषयों के शिक्षक मिले हैं। इंटरमीडिएट की कक्षाओं में अंग्रेजी, गणित, भौतिक विज्ञान विषय के प्रवक्ताओं के पद अब भी खाली हैं। उन्होंने बताया कि हाई स्कूल में रसायन विज्ञान, गणित, विज्ञान आदि विषय के शिक्षक की तैनाती होनी बाकी है।