चोपन। मोटर ऑपरेटर्स यूनियन से जुड़े दो लोगों ने एक-दूसरे के विरुद्ध चोपन थाने में केस दर्ज कराया है। खनिज कार्यालय से जुड़ी वीडियो तस्वीरों काे वायरल करने का भी आरोप है। पुलिस ने मामले में सपा नेता सहित कुल तीन पर केस दर्ज किया है।
ट्रक मालिक एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल किशोर सिंह की तरफ से दी गई तहरीर में बताया गया है कि ट्रक आनर्स के हितों की रक्षा से संबंधित मसले पर 22 मई की शाम खनन विभाग के कार्यालय में ज्येष्ठ खान अधिकारी से वार्ता कर रहा था। आरोप है कि वहां मौजूद प्रीतनगर निवासी सरफराज अंसारी ने उनकी और खान अधिकारी की वार्ता का चोरी से वीडियो और फोटो बना लिया। इसके बाद उस वीडियो फोटो को इश्तियाक अहमद के पास भेज दिया। आरोप लगाया गया कि दोनों ने एक साज़िश के तहत बातचीत का फोटो इस्तेमाल कर नकारात्मक खबर प्रसारित करवाई गई। इसका विरोध करने पर धमकियां दी गई। उधर, सरफराज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि घटना 22 की रात लगभग 10 बजे की है। उसके मोबाइल पर कमल किशोर सिंह के मोबाइल से फोन आया फोन उठाने पर गलत आरोप लगाते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। गुप्त काल की रिकॉर्डिंग को अन्य मोबाइलों पर वायरल करने का भी आरोप लगाते हुए अनहोनी की आशंका जताई। पुलिस दोनों पक्षों की तरफ से दी गई तहरीर में केस दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।