विंढमगंज/महुली। थाना क्षेत्र के सुईचट्टान में असलहे के बल पर आदिवासी के पट्टे व काश्त की जमीन की जोताई करने के मामले में पुलिस ने रविवार को आठ आरोपियों पर केस दर्ज किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने कोर्ट के लिए चालान कर दिया। आरोपियों में विनय श्रीवास्तव, आनंद श्रीवास्तव, अजीत श्रीवास्तव के साथ पांच बाउंसर शामिल हैं।
सुई चट्टान में कुछ आदिवासियों को पट्टे पर जमीन दी गई है। वह इस जमीन पर खेती करते आ रहे हैं। इसी के पास कुछ किसानों की भी जमीन है। प्रभारी निरीक्षक शेषनाथ पाल के अनुसार, फुलवार ग्राम प्रधान दिनेश यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सुई चट्टान में 1990 के दशक में हुए सर्वे के दौरान कागजात में हेराफेरी कर गलत लोगों का नाम चढ़ा दिया गया। इसके चलते मौके पर कुछ ग्रामीण दशकों से काबिज हैं। खेती किसानी के साथ ही उनका मकान भी है, जबकि कागज पर जमीन किसी अन्य के नाम है। सुरेंद्र यादव के कब्जे की जमीन पर अरहर, मक्का की खेती हुई थी। शनिवार की शाम विनय श्रीवास्तव, आनंद श्रीवास्तव, अजीत श्रीवास्तव अपने साथ पांच असलहाधारी बाउंसरों को लेकर मौके पर पहुंचे। वह पहले से लगी फसल में जोत कोड करके कब्जा करने लगे। इसी दौरान तीखी नोकझोंक हुई। सूचना पर पुलिस और राजस्व की टीम मौके पर पहुंची। किसी तरह मामले को शांत कराया गया। मामले में पुलिस ने सुरेंद्र यादव की तहरीर पर विनय श्रीवास्तव, आनंद श्रीवास्तव, अजीत श्रीवास्तव के साथ पांच बाउंसरों पर केस दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट के लिए चालान कर दिया गया। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।