बलिया में पत्रकार उत्पीडन के विरोध में कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौपते पत्रकार।
- फोटो : SONBHADRA
बलिया में नकल माफियाओं की पोल खोलने वाले पत्रकारों के विरुद्ध दर्ज मुकदमा वापस लिए जाने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर बुधवार को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंच कर विरोध जताया। साथ ही राज्यपाल को संबोधित सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट रमेश कुमार को सौंपा।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सुधाकर मिश्रा ने कहा कि बलिया जिला प्रशासन ने नकल माफियाओं पर सीधी कार्रवाई करने के बजाय कलम के सिपाहियों के मुंह बंद करने और हाथ बांधने की कोशिश की। यह कृत्य निंदनीय है। ज्ञापन में बलिया के डीएम व एसपी को निलंबित कर उनके विरुद्ध न्यायिक जांच कराए जाने की मांग की। पत्रकार उत्पीड़न की घटनाओं को रोकने, पत्रकारों को शासन स्तर से सूचीबद्ध किए जाने, उनकी सुरक्षा की गारंटी दिलाए जाने के साथ ही पत्रकार आयोग का गठन किए जाने की मांग रखी। ज्ञापन देने वालों में राजेश पाठक, रवि पांडेय, धर्मवीर सिंह, सुनील सिंह, संतोष सोनी, रामकेश यादव, दिनेश पांडेय, रामनरेश शुक्ला, बद्री प्रसाद गौतम, चिंता पांडेय, विवेक कुमार पांडेय, अंशुमान पांडेय, अरविंद तिवारी, सावित्री देवी, रविकांत उपाध्याय आदि शामिल रहे।