कोल प्रबंधन के अधिकारियों व ट्रांसपोर्टरों समेत 60 ट्रक-ट्रेलर के चालकों के खिलाफ शक्तिनगर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया है। कार्रवाई के बाद रविवार को संबंधित अधिकारियों के निर्देश पर व्यवस्था बनाने की कोशिश की गई।
बीना इलाके में राजमार्ग पर जाम की समस्या बनीं रहती है। इससे हादसों के साथ आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों ने समस्या दूर करने के लिए यहां कई बार बैठक किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। मगर व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ।
इस पर पुलिस ने कोयला प्रबंधन के अधिकारियों व ट्रांसपोर्टरों के साथ कोयला प्रोजेक्टों के सुरक्षा अफसरों सहित 50-60 ट्रक एवं ट्रेलर के चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर दिया। यह कार्रवाई सार्वजनिक रास्ते में अवरोध पैदा करने पर की गई है।
जिनके खिलाफ केस दर्ज हैं उनमें एनसीएल बीना के डिस्पैच अधिकारी संजीव दिक्षित, सुरक्षा अधिकारी एसपी सिंह, सुभाष नागलकर, संतोष कुमार, सुशील कुमार यादव मुख्य हैं। इसके अलावा बीना व कृष्णशिला कोयला क्षेत्र के बैरियर स्टाफ के साथ कई ट्रांसपोर्टरों पर केस दर्ज कर पुलिस विवेचना शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई चौकी प्रभारी बीना संजय सिंह की तहरीर पर हुई है। इस संबंध में शक्तिनगर के प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह का कहना है कि मुख्य सड़कों को जाम से मुक्त रखना शासन की मंशा है। इसके विपरीत आचरण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।