दुद्धी। प्रधानमंत्री अन्न योजना के तहत सभी कार्ड धारकों तथा पात्र व्यक्तियों को 15 मई से चना और चावल नि:शुल्क मिलेगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। खाद्य और आपूर्ति निरीक्षक रामलाल यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री अन्न योजना के तहत सभी कार्ड धारकों, जॉब कार्ड धारकों, पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को प्रति कार्ड एक किग्रा चना तथा प्रति यूनिट पांच किग्रा चावल नि:शुल्क वितरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एफसीआई गोदाम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के दुकान तक ट्रकों के माध्यम से खाद्यान्न सस्ते गल्ले के दुकानदारों तक पहुंचाया जा रहा है। यह सिलसिला 14 मई तक चलेगा और 15 मई से खाद्यान्न की वितरण शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार शासन प्रशासन ने जिस कार्ड धारक के पास विद्युत तथा गैस कनेक्शन नहीं हैं, ऐसे कार्ड धारकों को प्रति कार्ड एक लीटर केरोसिन तेल दिया जाएगा। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे कार्ड धारकों को प्रति कार्ड दो लीटर केरोसिन तेल दिया जाएगा।