घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के कोरटगांव में हाईवोल्टेज करेंट की चपेट में आने से मृत राजकुमार पाल (20) का शव बुधवार शाम गांव में पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने सोन नदी किनारे अंतिम संस्कार कर दिया गया। राजकुमार का विवाह मारकुंडी क्षेत्र के अलउर गांव में तय किया गया था और उसका एक महीने पहले बरीछा तिलक हुआ था। मई माह में उसका विवाह होना था लेकिन लॉक डाउन के चलते विवाह टल गया।
कोरट निवासी राजकुमार (20) पुत्र मजनू मंगलवार को बकरी चरा रहा था। पास में ही टूटा हुआ हाई वोल्टेज तार झूल रहा था जिसके संपर्क में आने से उसका पैर बुरी तरह झुलस गया। वहां से कुछ दूरी पर अपना काम कर रहे ग्रामीणों की निगाह उस पर पड़ी, तो वे लोग तत्काल उसकी ओर मदद के लिए दौड़े और किसी प्रकार से करेंट के संपर्क से उसको अलग किये। एंबुलेंस की सहायता से उसे सरकारी अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन उसकी मौत हो गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मुन्ना प्रसाद ने बताया कि अस्पताल आने से पहले युवक ने दम तोड़ दिया था। ग्रामीणों की माने तो सोमवार की रात तेज आंधी से विद्युत तार टूट गए थे, जिससे यह हादसा हो गया। बुधवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पोस्टमार्टम के बाद बुधवार शाम शव पहुंचते ही परिजनों व गांव में कोहराम मच गया। मृतक के माता पिता अपने प्रिय पुत्र का शव देखकर बेसुध हो। ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से उन्हें संभाला। मृतक राजकुमार चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके सबसे बड़े भाई की भी चार साल पहले पास के गांव में लाइन दुरुस्त करते समय करेंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। परिजनों का करुण क्रंदन देखकर गांव वाले होनी को कोसते नजर आए।