वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर बिच्छी गांव के पास शुक्रवार की रात सड़क हादसे में कार सवार युवक की मौत हो गई। उसके साथियों को भी चोटें आईं। सभी कार सवार रॉबर्ट्सगंज प्रदर्शनी देखने जा रहे थे। कार के बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराने से हादसा हुआ।
बट गांव निवासी गुलाब (30) पुत्र रामदुलार मधुपुर में नौगढ़ रोड पर आटा चक्की चलाता था। शुक्रवार की रात वह चार अन्य दोस्तों के साथ रॉबर्ट्सगंज के हाइडिल मैदान में लगी प्रदर्शनी देखने जा रहा था। सभी दोस्त कार में सवार थे।
बिच्छी गांव के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई। इस हादसे में गुलाब को गंभीर चोट आई। अन्य साथी भी घायल हुए। गुलाब को जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुलाब को एक चार वर्षीय पुत्री है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।