बुधवार को राबर्ट्सगंज जिला मुख्यालय पर आयोजित जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक काफी हंगामेदार रही। सिंचाई विभाग के डाकबंगला परिसर में शुरू हुई बैठक में कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय नेतृत्व पर मनमाने तरीके से चुनावों में प्रत्याशी थोपने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया।
कार्यकर्ताओं के तेवर देख पर्यवेक्षक के तौर पर आए मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सचिव मुरारी लाल मीणा भड़क गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं का रुख भांपकर गेस्ट हाउस के कमरे में चले गए। बाद में मामला शांत होने पर चंद मिनट के लिए बैठक कर कोरम की अदायगी कर दी गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और वाराणसी जोन के प्रभारी मुरारी लाल मीणा ने भाग लिया। बैठक पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता मेें शुरू हुई तभी मुख्य अतिथि ने वर्ष 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव और प्रत्याशियों के चयन पर चर्चा शुरू कर दी। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जब केंद्रीय नेतृत्व खुद प्रत्याशियों की घोषणा मनमाने तरीके से कर देता है।
देखते ही देखते बात बढ़ गई और जमकर नोकझोक शुरू हो गई। पार्टी प्रवक्ता एवं महासचिव अनिल कुमार सिंह ने बताया कि विधानसभा चुनाव के टिकट बंटवारे को लेकर हल्की नोकझोंक हुई थी। उधर, पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति में मुख्य अतिथि ने कहा है कि वे यहां पार्टी की मजबूती एवं विस चुनाव में अच्छे प्रत्याशियों के चयन के लिए कार्यकर्ताओं से विचार करने आए हैं।
विशिष्ठ अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष रामयज्ञ द्विवेदी ने कहा कि इस बार पार्टी चुनाव के एक साल पहले ही प्रत्याशियों की घोषणा कर देगी। बैठक में अरूण सिंह, राजनारायन सिंह, ईश्वरी नारायन सिंह, रमेश देव पांडेय, राजेश द्विवेदी, कृष्ण प्रताप सिंह, हर प्रकाश शुक्ला, लालजी तिवारी, ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, जीतन खरवार, सेराज हुसैन आदि मौजूद रहे।