सोनभद्र। पंचायत चुनाव में कहीं किसी तरह का विवाद न होने पाएं, इसलिए पुलिस अभी से सतर्क है। सभी ग्राम पंचायतों में पिछले पांच वर्षों के दौरान हुए विवाद आदि का ब्योरों को पुलिस जुटा रही है। वहीं असलहा जमा कराने के लिए भी तैयार शुरू हो गई है। शासन से मिले निर्देश के बाद स्क्रीनिंग कमेटी का गठन कर दिया गया है। जल्द अभियान चलाकर असलहे जमा कराए जाएंगे।
गौरतलब हो कि राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव के लिए तिथियों की घोषणा नहीं की है। इसके बावजूद गवई राजनीति तेजी पकडनी शुरू कर दी है। हालांकि पंचायत चुनाव में आरक्षण व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निदेज्श जारी कर दिए गए हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर आरक्षण किया जा चुका है। जिले में कितने ब्लाकों के प्रमुखों व ग्राम पंचायतों में प्रधानों के आरक्षित पदों की संख्या भी निर्धारित भी की जा चुकी है। वहीं जिला व पुलिस प्रशासन ने भी शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से चुनाव के लिए लाइसेंस धारकों से शस्त्र जमा कराने की भी तैयारी शुरू कर दी गई है। पुलिस ने शस्त्रधारियों को मालखाने अथवा शस्त्र की दुकानों पर असलहों को जमा करने को कहां है। जमा न करने वालों के यहां कभी भी शस्त्र को जमा कराने पुलिस पहुुंच सकती है। शासन के निर्देश के बाद जिन शस्त्रधारकों के द्वारा शान्तिभंग की आशंका हो उनके शस्त्रों को प्राथमिकता के आधार पर जमा कराये जाने के लिए डीएम ने जनपद स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया है। जिसमें वह यानी जिला मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह अध्यक्ष, पुलिस अधीक्षक अमरेन्द्र प्रसाद सिंह सदस्य, अपर जिलाधिकरी योगेन्द्र बहादुर सिंह सदस्य व अपर पुलिस अधीक्षक ओ.पी सिंह को सदस्य के पद पर नामित किए गए है।
स्क्रीनिंग कमेटी को निर्देशित किया गया है कि त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन. 2021 के पूर्व जनपद में समस्त शस्त्र धारकों के शस्त्रों को जमा कराये जाने के प्रकरणों में उनकी सुरक्षा एवं अन्य संवेदनशील बिन्दुओं का परीक्षण कर अपनी यथोचित संस्तुति प्रस्तुत करें। आयोग के निर्देशानुसार चुनाव को सकुशल संपन्न कराया जाएगा। अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी, सोनभद्र।