राबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र में बाईपास रोड के आसपास रहने वालों के समक्ष जल निकासी की समस्या खड़ी हो गई है। चेतक कंपनी की ओर से सड़क निर्माण के दौरान कई नालियों को क्षतिग्रस्त करने से बस्तियों में जलजमाव हो गया है।
इससे उठ रही दुर्गंध से नाराज लोग गुरुवार को सड़क पर उतर आए। नाराज लोगों ने सड़क निर्माण कंपनी चेतक के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया।
जिले में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग के चौड़ा करने का काम करा रही चेतक कंपनी ने सड़कों की खुदाई के दौरान नगर पालिका क्षेत्र की कई नालियों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। इसका नतीजा है कि नालियाें में जलजमाव हो गया है।
इसी तरह बाईपास रोड पर एक सिनेमा हाल के पास कंपनी ने गड्ढा खोदकर छोड़ दिया है। जलजमाव होने से लोगों को आने-जाने का रास्ता तक नहीं बचा है।
इससे नाराज लोगों ने गुरुवार को बाईपास मार्ग पर प्रदर्शन किया और चेतक कंपनी के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप लगाया कि कंपनी के लोग जनहित को लेकर गंभीर नहीं है।
जनता परेशान है और प्रशासन भी इस पर ध्यान नहीं दे रहा है। क्षेत्र के राजनारायण तिवारी ने कहा कि बारिश के दिनों में नालियां जाम हो गई हैं, जिससे दुर्गंध से लोगों को परेशानी हो रही है।
लोगों ने प्रशासन ने क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत कराने की मांग की है। इस मौके पर राजेंद्र तिवारी, रामेश्वर जैन, अमित, संजय, पंकज, रघुवर, रविशंकर, नीलम, गौरीशंकर, अरुण पटेल मौजूद रहे।