सोनभद्र। सभी बस्तियों को पक्की सड़क से जाेड़ने की कार्ययोजना तय करने के लिए बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। सभी विधायकों और उनके प्रतिनिधियों के माध्यम से सड़कों के चयन से संबंधित मानकों पर चर्चा हुई। नए प्रस्ताव लेकर उसे शासन को भेजने का निर्देश दिया गया। चुर्क मोड़ के पास से बाईपास सड़क निर्माण पर चर्चा हुई। इसकी अनुमानित लागत लगभग 646 करोड़ रुपये होगी।
बैठक में विधायक घोरावल डॉ. अनिल कुमार मौर्य ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक गांव को पक्की सड़कों से जोड़ना सरकार की मंशा है। जिस ग्राम सभा की आबादी 150 है, उसे पक्की सड़कों से जोड़ने के लिए इस कार्य योजना में शामिल किया जाएगा। राॅबर्ट्सगंज में बाईपास सड़क निर्माण के लिए चर्चा हुई। यह बाईपास सड़क चुर्क मोड़ से लेकर पन्नूगंज, वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पार करते हुए रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग पर समाप्त होगी। इसकी अनुमानित लागत लगभग 646 करोड़ रुपये होगी। इसी प्रकार से चौरा-कुड़ारी मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य भी किया जाएगा। पंचमुखी महादेव मंदिर रोड का चौड़ीकरण, बरैला महादेव मंदिर सड़क का चौड़ीकरण, जिरही देवी माता मंदिर के चौड़ीकरण के कार्य भी इस कार्ययोजना में शामिल किए गए हैं। डीएम बद्रीनाथ सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के हर गांव को पक्की सड़कों से जोड़ा जाना है। सभी जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र से संबंधित सड़कों के निर्माण के लिए प्रस्ताव उपलब्ध कराएं। एक्सईएन इस पर कार्ययोजना तैयार कर लें, ताकि उसे स्वीकृति के लिए शीघ्र शासन को भेजा जा सके। बैठक में सीडीओ जागृति अवस्थी, एक्सईएन प्रांतीय खंड शैलेश ठाकुर, निर्माण खंड शिवकुमार सिंह, गोविंद यादव, एडीआईओ विनय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।