रेणुकूट पुलिस चौकी क्षेत्र के मुर्द्धवा मोड़ के समीप स्थित विवेकानंद कॉलोनी में बीती रात चोरों ने एक बंद कमरे का ताला तोड़कर लाखों का सामान उड़ा दिया। चोरी करने से पहले चोरों ने घर में रह रहे किरायेदार के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था।
मुर्द्धवा मोड़ के समीप स्थित विवेकानंद कॉलोनी निवासी रवि प्रकाश मिश्रा पटना में अध्यापक हैं। उनका मकान दो तल्ले का है। इसमें ऊपर वाले तल में दो किरायेदार रहते हैं। सोमवार की सुबह जब किरायेदार गजेंद्र यादव सो कर उठे तो उनका दरवाजा बाहर से बंद था। उन्होंने सामने के मकान में रह रहे अशोक सिंह को फोन कर दरवाजा खोलने के लिए बुलाया। अशोक जब दरवाजा खोलकर नीचे आए तो देखा कि नीचे मकान मालिक के कमरे के दरवाजे का ताला टूटा है। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा था। घटना की सूचना किरायेदार ने मकान मालिक रवि मिश्र को दी। रवि मिश्र ने हिंडाल्को कॉलोनी निवासी अपने बड़े भाई दीपक मिश्रा को मौके पर भेजा। वहां पहुंच कर उन्होंने देखा तो अंदर के सारे कमरों के ताले टूटे हुए थे। मकान मालिक ने बताया कि सभी कमरों में ताले के साथ-साथ इंटरलॉक भी लगा हुआ था। उन्होंने बताया कि नौ तालों को चोरों ने तोड़ा है। इसके साथ ही दो गोदरेज की अलमारी का भी ताला तोड़कर चोरों ने 25 हजार नगद, तीन सोने की अंगूठी, चांदी की चार पायल समेत कई अन्य गहने भी चुराए हैं। इसके अलावा कुछ बर्तन, कपड़े और तमाम जरूरी कागजात भी चोर उठा ले गए हैं। मकान मालिक ने पिपरी थाने पर घटना की तहरीर देकर चोरी के खुलासे की मांग की है।