पन्नूगंज थाना क्षेत्र के नौडीहा गांव में बुधवार की दोपहर घर में आग लग गई। आग लगने से घर गृहस्थी का सामान समेत नकदी और गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई।
पीड़ित किसान वाहिद अली ने बताया कि गांव के एक व्यक्ति ने अपने खेत में पराली जलाया था। इसका लपटें उसकी खेत से होते हुए घर तक पहुंच गई। इससे खेत में खड़ी और बोझ बांध कर रखी गेहूं की फसल को चपेट में ले लिया।
इस दौरान घर में सिर्फ आठ साल का बेटा सोया था, जिसे गांव के लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला। आग लगने की सूचना पर 112 नंबर व पन्नूगंज पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत से आग पर काबू पाया।
वाहिद के मुताबिक आग से घर में रखा गृहस्थी का सारा सामान, 60 हजार रुपये नकद, गेहूं की लगभग 15 विश्वा की फसल का नुकसान हुआ। वाहिद के खेत से सटे मुख्तार के खेत का भी 10 विश्वे के गेहूं की फसल आग की भेंट चढ़ गई।
बिजली का तार टूटने से लगी आग, भूसा जला
पसही विद्युत उपकेंद्र से संचालित फीडराें के तार नीचे होने से आए दिन तेज हवा में टकराकर टूट रहे हैं। बुधवारराके खैराही गांव के पास टीपर से टकराकर 11 हजार वोल्ट का तार टूट गया। गांव के रामविलास के खलिहान में रखें पांच बीघा धान के पुआल एवं डेढ़ बीघा गेहूं का भूसा जलकर नष्ट हो गया। ग्रामीणों की मदद से इस पर काबू पाया गया। इसी ट्रक के पीछे से बाइक से जा रहे गांव के ही टीपू (19) व छोटू (20) भी तार की चपेट में आकर खेत में गिर गए, जिससे उन्हें हल्की चोटें आईं। उनका स्थानीय चिकित्सालय में इलाज कराया गया।