केंद्र सरकार ने एक बार फिर पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में वृद्धि कर जनता को महंगाई का झटका दिया है। डीजल-पेट्रोल दाम बढ़ने से लोगों में गुस्सा है। पेट्रोलियम एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष नंदन अग्रवाल के मुताबिक जिले में करीब 80 लाख लीटर डीजल और 20 लाख लीटर पेट्रोल की खपत होती है।
नई कीमतों से अब 78 लाख 40 हजार रुपये और पेट्रोल पर 43 लाख 80 हजार रुपये का अतिरिक्त भार प्रतिमाह पड़ेगा। ऐसे में बढ़ी कीमतों लोगों की नाराजगी स्वाभाविक है। वहीं मंगलवार पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्यवृद्धि से नाराज युवक कांग्रेस और सपा के कार्यकर्ताओं ने पेट्रोलियम मंत्री का पुतला फूंका। बढ़ रहे दामों को घटाने की मांग उठाई है।
युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को राबर्ट्सगंज में मेन चौक पर पेट्रोलियम मंत्री का पुतला फूंका। यहां अध्यक्ष आशुतोष कुमार दूबे ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ा रही है। इससे किसान से लेकर आम लोग तक परेशान हैं।
खाद्य पदार्थों के दाम भी बढ़ रहे हैं। लोकसभा महासचिव मनोज मिश्रा ने कहा केंद्र सरकार को आम जनता से कोई लेना-देना नहीं है। इस मौके पर नगर अध्यक्ष फैजान, बाबूलाल, राकेश कुमार, सैफ अली, बादल सोनकर मौजूद रहे।
डीजल-पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं ने भी विरोध प्रदर्शन किया। नगर अध्यक्ष प्रमोद यादव की अगुवाई में कचहरी तिराहे पर पेट्रोलियम मंत्री का पुतला फूंका। प्रमोद ने कहा कि आने वाले यूपी के विधानसभा चुनाव में केंद्र सरकार के जनविरोधी निर्णय का जवाब जनता देगी।
मनोज केशरी और वारिस अली ने कहा कि जब-जब केंद्र में भाजपा की सरकार बनी है महंगाई चरम पर पहुंच गई है। इस मौके पर सुरेश अग्रहरि, सुन्ना भाई, रुस्तम, अनिल गुप्ता, मुन्ना यादव मौजूद रहे।