शक्तिनगर में अतिक्रमण गिराती जेसीबी मशीन।
- फोटो : SONBHADRA
शक्तिनगर। औेडी-शक्तिनगर फोरलेन सड़क निर्माण की जद में आए सरकारी जमीन से अतिक्रमण सोमवार को पुलिस व एनसीएल सिक्योरिटी की मौजूदगी में ध्वस्त किया गया। कार्रवाई का विरोध की वजह से तनाव की स्थिति बनी लेकिन पुलिस बल पहुंचने पर विरोध बंद हो गया।
हफ्ते भर पूर्व लाउड स्पीकर से घोषणा की गई थी कि अपने दुकान व मकान स्वयं हटा लें अन्यथा बाद में निर्माण कंपनी की ओर से कार्रवाई की जाएगी। इस ऐलान के बाद कुछ लोगों ने दुकान हटा लिया था लेकिन कई काबिज थे। ऐसे लोगों को बेदखल करने के लिए जेसीबी चलानी पड़ी। जेसीबी से अतिक्रमण हटाने पहुंचे अमले को स्थानीय जनता के विरोध का सामना करना पड़ा। बसपा नेता पन्नालाल ने अतिक्रमण हटाने के आदेश की प्रति की मांग की। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में जुटी भीड़ ने होहल्ला मचाना शुरू कर दिया। इसलिए कार्य बाधित हुआ। सूचना पर शक्तिनगर प्रभारी निरीक्षक मिथलेश मिश्रा पहुंचे और भीड़ को समझा बुझाकर शांत कराया। तब प्रशासन की मौजूदगी में सरकारी जमीन पर से अवैध अतिक्रमण को हटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ी। कार्रवाई के दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि मुंह देखकर कार्यवाही की जा रही है। कुछ घरों को गिराना और कुछ को छोड़ देना इंसाफ नहीं है। एनसीएल सिक्योरिटी से एसआई शिवेंद्र ने आरोपों को निराधार बताया। शक्तिनगर प्रभारी निरीक्षक मिथलेश मिश्रा ने बताया कि एक हफ्ते का समय देने के बावजूद लोगों ने अपनी दुकान व मकान नहीं हटाया, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका कहना था कि मुनासिब मौका देखकर कुछ अवसरवादी लोग राजनीति करते जरूर आए लेकिन इसे विफल कर दिया गया।
इनसेट
सड़क के गड्ढे बने जानलेवा, जताया विरोध
शक्तिनगर। क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि फोरलेन सड़क निर्माण कार्य में लगी कंपनी मनमानी कर रही है। जगह जगह गड्ढा खोदकर छोड़ दिया जा रहा है जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बीना बस स्टैंड पर कई दिनों से गड्ढा होने से आने जाने वाले राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है। जमशीला निवासी पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अखिलेश यादव का कहना है अगर शीघ्र गड्ढा नहीं भरा गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है इसी क्रम में सड़क निर्माण कंपनी पर बांसी, घरसड़ी, कोहरौलिया, मिसरा के ग्रामीणों ने भी मनमानी करने का आरोप लगाते हुए सही तरीके से सड़क निर्माण कार्य कराने की मांग उच्चाधिकारियों से किया है।