बीजपुर। थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरसोती ग्राम पंचायत के अधौरा टोला में शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच प्रशासन ने अवैध निर्माण काे बुलडोजर से ढहा दिया। प्रशासन के मुताबिक ढहाया गया मकान एनटीपीसी की भूमि पर बना था। भारी फाेर्स की मौजूदगी में अपने आशियाने को जमींदोज होते देख परिवार देखता रहा।
एसडीएम दुद्धी के निर्देश पर फोर्स के साथ पहुंचे नायब तहसीलदार विशाल कुमार पासवान, एनटीपीसी रिहंद के मानव संसाधन विभाग के उप महाप्रबंधक एसके उपाध्याय, थानाध्यक्ष मिथिलेश मिश्र की मौजूदगी में बुलडोजर ने सिरसोती गांव के विस्थापित रामकेश्वर जायसवाल का मकान जमींदोज कर दिया। रामकेश्वर ने बताया कि परियोजना में जमीन जाने के बाद उसे मुआवजा के साथ एनटीपीसी के पावर प्लांट में रोजगार देना था, लेकिन 35 वर्षों बाद भी मुआवजा आधा अधूरा ही दिया गया है। अब फोर्स के साथ जबरन मकान गिरा दिया। उसके पास रहने का कोई ठिकाना नहीं है। उधर, नायब तहसीलदार विशाल कुमार पासवान ने बताया कि जमीन एनटीपीसी की है, जिस पर रामकेश्वर ने अवैध रूप से कब्जा किया था। एसडीएम के निर्देश पर इसे खाली कराया गया है। कार्रवाई के दौरान एनटीपीसी रिहंद के अधिकारी व सीआईएसएफ के जवान मौजूद रहे।