कोरोना काल के दौरान पंचायत चुनाव में ड्यूटी पर हुई अधिकारियों व कर्मचारियों की मौत के मद्देनजर इस बार विधानसभा चुनाव के लिए कोविड का टीकाकरण अनिवार्य किया गया है। चुनाव ड्यूटी में लगने वाले सभी कार्मिकों को टीके की दोनों डोज लगवानी जरूरी होगी। ऐसा न करने पर इसे निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में जानबूझकर असहयोग मानते हुए कार्रवाई की जाएगी।
डीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि मतदान कार्मिकों की सुरक्षा को लेकर आयोग गंभीर है। लिहाजा सभी मतदान कार्मिकों व निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी सरकारी और गैर सरकारी व्यक्तियों को कोरोना का टीका लगवाने का निर्देश दिया गया है। उन्हीं लोगों की चुनाव कार्य में सेवाएं भी ली जाएंगी जिन्होंने टीके की दोनों डोज ली हो। चुनाव कार्य में लगने वाले सभी कार्मिक व अन्य लोग तय समय से पहले दोनों डोज अनिवार्य रूप से लगवा लें। सभी अधिकारी-कर्मचारी भी यह स्वत: से सुनिश्चित करें। डाटा बेस बनाते समय विभागाध्यक्ष इसका ध्यान रखें।
मेेगा कैंप में लगेंगे 75 हजार टीके
कोरोना से बचाव के लिए 17 और 20 जनवरी को मेगा कैंप लगेगा। सभी सीएचसी-पीएचसी के अलावा सार्वजनिक स्थानों पर कैंप लगाकर टीकाकरण किया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रामकुंवर ने बताया कि मेगा कैंप में कुल 75 हजार लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य है। इसके लिए सभी टीमों को सतर्क कर दिया गया है। गांव-गांव जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है।