सोनभद्र/अनपरा। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली और अनपरा थाना क्षेत्र में लापता दो युवकों के शव तालाब और कुएं में उतराते मिले। दोनों युवक तीन दिन से लापता थे। दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस जांच कर रही है।
राॅबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के धोबही ग्राम पंचायत के टोला खड़ेहरी निवासी राजेश भारती (45) की बृहस्पतिवार को परिवार के लोगों से कहासुनी हो गई थी। इससे नाराज होकर वह घर से बाहर चला गया था। जब देर रात तक वह घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन कुछ पता नहीं चला।
शुक्रवार को सुबह तालाब के भीटे पर उसके पकड़े पड़े मिले। 36 घंटे से अधिक समय तक पुलिस गोताखोरों के जरिये तलाश कराती रही, लेकिन पता नहीं चला। रविवार की सुबह उसका शव उतराता मिला। प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
वहीं, अनपरा के वार्ड आठ का निवासी अतरीलाल (24) शुक्रवार को किसी काम से घर से निकला। देर रात घर नही पहुंचा तो परिवार के लोग परेशान हो गए। शनिवार की सुबह परिजनां ने अनपरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
रविवार को सुबह उत्सव वाटिका डिबुलगंज के पीछे कुएं में लोगों ने शव उतराता देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को बाहर निकाला तो उसकी शिनाख्त अतरीलाल के रूप में हुई। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।