शक्तिनगर। सिंगरौली और शक्तिनगर में मंगलवार की रात दो युवकों के शव फंदे से लटकते मिले। एक युवक का घर में तो दूसरे का पेड़ में लगे फंदे से शव लटक रहा था। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए।
शक्तिनगर थाना क्षेत्र के कुबेरनगर में निवासी मोनू दुबे (35) के माता-पिता अनपरा में एक वैवाहिक कार्यक्रम में गए हुए थे। बुधवार सुबह घर लौटे तो देखा कि उनके बेटे का शव कमरे में फंदे से लटक रहा है। जानकारी मिलते ही शक्तिनगर पुलिस पहुंची। सीमा से सटे मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में डीह बाबा के पास स्थित बरगद के पेड़ में एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला। उसकी पहचान रामधनी अगरिया (34) निवासी रोहाल के रूप में हुई। घटना लंघाडोल थाना क्षेत्र के मझौली पाठ इलाके में हुई। आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं है।
पानी लेने गए बालक की कुएं में गिरकर मौत
घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के शिवद्वार ग्राम पंचायत अंतर्गत बभनदेवा टोले में बुधवार की दोपहर बाद पानी लेने गए सुनील (12) पुत्र सोमारू की कुएं में गिरने से मौत हो गई। बताया गया कि वह घर के नजदीक स्थित कुएं पर पानी लेने गया था। उसी दौरान वह किसी तरह उसमें गिर गया। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला तब तक उसकी सांसें थम चुकी थी। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह के मुताबिक शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
सड़क हादसे में घायल महिला की मौत
सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के तेलगुड़वा इलाके में नौटोलिया टोला के पास सड़क हादसे में घायल कोन थाना क्षेत्र के कचनरवा निवासी भीमा (46) पत्नी श्यामलाल की मेडिकल कॉलेज में उपचार के दाैरान मंगलवार की रात मौत हो गई। अस्पताल मेमो से मिली जानकारी पर राबर्टसगंज कोतवाली पुलिस ने बुधवार की दोपहर शव का पोस्टमार्टम करवाया। घटना 28 अप्रैल की बताई जा रही है।