कलेक्ट्रेट में बिजली मीटर लेकर प्रदर्शन करते गुरुमुरा के ग्रामीण।संवाद
- फोटो : SONBHADRA
गांव में बिना खंभा लगे और बिजली जलाए बगैर ही बिजली बिल थमाने से भड़के कोटा ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपा। मामले की कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
चोपन ब्लॉक के कोटा ग्राम पंचायत के आकाश जायसवाल, मिठाईलाल आदि ने प्रदर्शन के दौरान बताया कि टोला पतगढ़ी में घर-घर बिजली मीटर बांट तो दिया गया है लेकिन अभी टोला में बिजली के खंभे नहीं लगे हैं। इस नाते लोगों के घर में बिजली नहीं जल रही है लेकिन बिजली विभाग की तरफ से बिजली बिल थमा दिया गया है। आदिवासी क्षेत्र के ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारी, कर्मचारी बिल वसूली के नाम पर मनमानी कर रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की। वहीं इस संबंध में एक्सईएन बिजली पिपरी डिविजन शुभेंदू शाह का कहना है, मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। गलत बिल नहीं वसूला जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में रामविलास, बुद्धू, कृषि नारायण, रामसुंदर, सुहानी, मनीष, बुड़की, गुड़िया, पार्वती, कोमल, संजीदा, कलावंती, फूलमती, मुन्नी, सुघरी, अर्चना, ममता कुमारी, सुषमा, नेहा, अंजलि आदि शामिल रहे।