सोनभद्र के डाला में तीर्थयात्रियों से भरी बस खड़े ट्रक से टकराई
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर डाला बस स्टैंड के समीप बुधवार सुबह तीर्थयात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ ट्रक में टकरा गई। हादसे में बस सवार सात यात्री गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि 10 से अधिक यात्रियों को हल्की चोट आई। घायलों को चोपन सीएचसी में भर्ती कराया गया। घटना के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया।
रायबरेली से दो बसों में 109 लोग 28 सितंबर को पितरों का तर्पण करने बिहार के गया गए थे। वहां से जगन्नाथ पुरी व अन्य स्थानों पर दर्शन के बाद नौ अक्तूबर की रात रांची से विंध्याचल के लिए निकले। यात्रियों ने बताया कि डाला के पास अचानक एक बाइक सवार सामने आ गया। उसी दौरान पीछे से बोलेरो ओवरटेक करने लगा।
वाहनों को बचाने की कोशिश में चालक ने बस को बांए तरफ मोड़ दिया, जहां पहले से खड़ी दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में टक्कर हो गई। दुर्घटनाग्रस्त बस में 55 यात्री सवार थे। घटना के बाद सवारियों में चीख-पुकार मच गई। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बस में फंसे यात्रियों को एक-एक कर बाहर निकालने लगे।
घायलों को चोपन सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मालती को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस संदर्भ में डाला चौकी प्रभारी बृजेश पांडेय ने बताया कि दुर्घटना को लेकर अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। सभी घायलों को चोपन अस्पताल ले जाया गया। सभी तीर्थ यात्रियों को समुचित ठहरने और भोजन की व्यवस्था डाला वैष्णो मंदिर पर किया गया है।