बभनी। थाना क्षेत्र के नेमना गांव के पास जंगल मे शनिवार की दोपहर करीब दो बजे एक अनियंत्रित ट्रक चालक ने बाइक सवार को धक्का मार दिया। घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की एनटीपीसी के धनवंतरि अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक एमपी के बालू खदान में बालू लोड करने एक खाली ट्रक जा रहा था। इसी बीच बीना से काम कर राम सजीवन सिंह (46) पुत्र लक्षणधारी सिंह अपने घर ग्राम बरपतेरा थाना रघुनाथनगर छतीसगढ़ अपनी बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान वे अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गए। दुर्घटना के बाद चीख पुकार सुन कर मौके पर आसपास के रहवासियों की भीड़ जमा हो गई। इसी बीच किसी ने डायल 112 को सूचना देकर मौके पर बुला लिया। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल राम सजीवन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उन्हे मृत घोषित कर दिया। उधर पुलिस ने मृतक की शिनाख़्त पर उनके परिजनों को सूचित कर दिया। शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई। प्रभारी निरीक्षक देवतानंद सिंह ने बताया कि घटना में शामिल ट्रक सहित चालक को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।