विंढमगंज। थाना क्षेत्र के कोलिनडूबा पेट्रोल टंकी के पास शनिवार की देर रात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार तीनों युवक अमवार से हरनाकछार विंढमगंज बरात में शामिल होने के लिए जा रहे थे। घायल युवकों में एक का प्राथमिक उपचार करके चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
शशिकांत यादव (25) निवासी भिसूर अमवार कॉलोनी बाइक से दो दोस्त विशाल (19) एवं नीरज कुमार (18) निवासी अमवार दुद्धी को लेकर शनिवार की देर रात बाइक से बरात में शामिल होने जा रहा था। बाइक सवार कोलिनडूबा पेट्रोल टंकी के पास पहुंचे ही थे कि ट्रक ने टक्कर मार दी। घटना में शशिकांत की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। बाइक पर पीछे बैठे नीरज के दाएं पैर में गंभीर चोटें आई हैं। जबकि विशाल कुमार की कमर की हड्डी फ्रैक्चर हो गई है। चिकित्सक ने विशाल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
20 अप्रैल को शशिकांत की हुई थी शादी
शशिकांत की 20 अप्रैल को शादी हुई थी। घरवालों के मुताबिक शशिकांत की शादी 20 अप्रैल को देवढी जाताजुआ गांव में हुई थी। शशिकांत की मौत से परिवार के लोगों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शशिकांत दो भाइयों में छोटा था।