रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मरकरी के पास मंगलवार की देर शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। राइस मिल के पास ट्रैक्टर- ट्रॉली को बैक करने के दौरान यह हादसा हुआ। चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के कुसुम्हा निवासी गोपाल निषाद (40) राॅबर्ट्सगंज नगर स्थित एक बीज भंडार की दुकान पर काम करते थे। मंगलवार की रात साढ़े आठ बजे दुकान बंद होने के बाद वह अपनी बाइक से घर जा रहे थे। मरकरी स्थित राइस मिल के पास धान लदा ट्रैक्टर-ट्राली खड़ा था।
अचानक ट्रैक्टर-ट्राली को चालक सड़क पर ही बैक करने लगा। इसी दौरान रास्ते से गुजर रहा गोपाल उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल पहुंचाने की बजाय ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे करीब के एक निजी अस्पताल भेजवाया।
वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राइस मिल के पास मोड़ पर अक्सर हादसे हो रहे हैं। ट्रैक्टर- ट्राॅली पर रेडियम पट्टी भी नहीं लगी थी।
बेटी की शादी की तैयारी में जुटे थे
गोपाल के पिता की पूर्व में ही मौत हो गई है। उसे तीन बेटियां क्रमश: 20, 17 और 15 वर्ष की हैं। इस साल एक बेटी की शादी की तैयारी भी कर रहे थे। घर का मुखिया होने के नाते पांच लोगों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी भी उनके कंधे पर ही थी। उनकी मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।