नए वर्ष का उल्लास बुधवार को हर तरफ छाया रहा। साल के पहले दिन परिवार और दोस्तों के साथ मंदिरों में पहुंचकर लोगों ने शीश नवाया तो पर्यटन स्थलों पर जमकर मौज मस्ती भी की।
डाला स्थित वैष्णो मंदिर में सुबह ही भक्तों की भीड़ रही। शाम तक करीब दस हजार लोगों ने माथा टेका। पंचमुखी महादेव मंदिर में भी तीन हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। मिनी गोवा अबाड़ी, जोरकहू, खंता, इको प्वाइंट, मुक्खा फाल सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे।
दूसरी ओर घरों, होटल, रेस्टूरेंट में भी नए वर्ष का जश्न मना। नए साल को खास बनाने के लिए एक दिन पहले से लोग तैयारी में जुट गए थे। मंगलवार की रात में 12 बजे के बाद सड़कों पर निकलकर लोग आतिशबाजी करते हुए नए साल का स्वागत किया।
बुधवार की सुबह लोग अपनों से मिलकर नए साल की बधाई दी। वहीं रिश्तेदार, मित्र और दूर रह रहे लोगों को सोशल मीडिया पर बधाई संदेश भेजते रहे। नगर में जगह-जगह सजे फूल व गिफ्ट आइटम खरीदने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रहीं।
नगर से सटे रौंप पहाड़ी स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर पहुंचकर बड़ी संख्या में लोगों ने दर्शन पूजन किया। मारकुंडी पहाड़ी स्थित पर्यटन स्थल सोन ईको प्वाइंट, मिनी गोवा, घोरावल क्षेत्र में स्थित पिकनिक स्पॉट मुक्खाफाल समेत अन्य पिकनिक स्पॉट एवं धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर लोग अपने नए साल की शुरुआत की।
लोगों ने अपने मन पसंद के व्यंजन बनाकर उसका लुत्फ उठाया। धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर युवतियां एवं महिलाएं अपनों के साथ सेल्फी लेकर इस पल को खास बनाने में जुटे रहे। सोन ईको प्वाइंट पर पहुंची प्रिया, पूजा, संध्या आदि ने केक काटकर नववर्ष 2025 का स्वागत की।
बताया कि वे पिछले तीन वर्षो से सहेलियों के साथ पिकनिक स्पाॅट पर पहुंचकर केक काटती हैं। इसके बाद विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का लुफ्त उठाती हैं। पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसको लेकर सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस के जवान लगे रहे।
हनुमान चालीसा पाठ कर नए साल का शुभारंभ
रॉबर्ट्सगंज के आरटीएस क्लब में मंगलवार की रात में कथावाचक नीरज भाई के प्रवचन के बाद लोगों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर नए साल की शुरुआत की। इस दौरान मंच आचार्य संतोष द्विवेदी का जन्मदिन भी मनाया गया। मानस समिति के महामंत्री सुशील पाठक, राकेश त्रिपाठी आदि ने आचार्य को माला पहनाकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।