बिजली की समस्या पर बिफरे ग्रामीण, नोकझोंक
विद्युत सब स्टेशन की क्षमता न बढ़ाने का खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा। लोगों को बमुश्किल पांच से छह घंटे ही बिजली मिल रही है। इससे क्षुब्ध उपभोक्ताओं ने मंगलवार को सब स्टेशन पर तैनात अवर अभियंता से मुलाकात की। वार्ता के दौरान उनकी जेई से नोकझोंक भी हुई। उपभोक्ता बुधवार को समस्या को लेकर डीएम से कलेक्ट्रेट में मिलेंगे और ज्ञापन सौंपेंगे।
कोन- महिउद्दीनपुर में 33 केवीए का विद्युत सब स्टेशन है। यहां पांच एमबीए का एक ट्रांसफार्मर लगा है। यहां से कई गांवों को बिजली की आपूर्ति की जाती है। इससे यह ट्रांसफार्मर नाकाफी साबित हो रहा है। पूर्व में इस सब स्टेशन की क्षमता बढ़ाने की मांग को लेकर लोगों ने विरोध-प्रदर्शन किया था। दूकानदारों ने अपनी-अपनी दूकानें बंद रख विरोध जताया था। इस पर तत्कालीन मुख्य अभियंता ने मौके पर पहुंचकर लोगों को आश्वासन दिया था कि एक माह के अंदर क्षमता वृद्धि कर दी जाएगी।
लेकिन दो साल बीतने के बाद भी ऐसा कुछ नहीं हुआ। इससे क्षुब्ध उपभोक्ताओें ने मंगलवार को सब स्टेशन में जेई ठाकुर प्रसाद मुलाकात की। उन्हें समस्या से अवगत कराया लेकिन जेई ने कोई मदद करने से हाथ खड़ा कर लिया। इस मौके पर कुड़वा सदर रोज मोहम्मद, अवधेश रॉय, व्यापार मंडल अध्यक्ष शुशील जायसवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अरुण कन्नौजिया, संजय कन्नौजिया एडवोकेट, पूर्व प्रधान राम औतार कन्नौजिया, प्रधान नोडिहा विजय कन्नौजिया आदि दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।