डीएम ने कहा कि कोई भी क्षेत्र किसी से कम नहीं है। बस उसमें अपनी पूरी क्षमता लगाने की जरूरत है। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत विशिष्ट अतिथि सीडीओ जागृति अवस्थी, डीआईओएस जयराम सिंह, बीएसए मुकुल आनंद पांडेय, मुख्य प्रायोजक मोनू होलसेल्स के नितिन अग्रवाल सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की।
इसके बाद अतिथियों ने सीबीएसई की दसवीं और 12वीं की परीक्षा में अपने विद्यालय में अव्वल स्थान पर रहे मेधावियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। जिले के आलाधिकारी के हाथों सम्मान पाकर बच्चे आह्लादित रहे। उनके गले में लटकता पदक चेहरे की चमक को दोगुना कर रहा था।
होनहार बच्चों को सम्मानित होते देख उनके अभिभावक और शिक्षक भी गदगद थे। पूरा सभागार तालियों से गूंजता रहा। समारोह में राजेंद्र प्रसाद जैन, संतोष पांडेय, बीएचयू के पूर्व वित्त रजिस्ट्रार डॉ. एमआर पाठक, अजेय पांडेय, डॉ. आलोक सिंह, श्रवण कुमार, विशाल पांडेय, अजीत पांडेय, इं.शिवम पांडेय, अमरेश पाठक, विशेष सहित विभिन्न स्कूलों के शिक्षक, निदेशक सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
400 बच्चों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में सनबीम स्कूल रॉबर्ट्सगंज, प्रकाश जीनियस पब्लिक स्कूल, श्रीएकेडमी सीनियर सेकेंड्री स्कूल, मां वैष्णो मॉडर्न पब्लिक स्कूल, सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल, दिल्ली पब्लिक सेकेंड्री स्कूल, ग्लेनहिल स्कूल, स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल, सेंट जोसेफ कांवेंट स्कूल, संत कीनाराम पब्लिक स्कूल, डीएवी सीनियर सेकेंड्री स्कूल सहित अन्य विद्यालयों के 400 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को अतिथियों ने मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
अखबार पढ़ें, अच्छी बातों को नोट करें, स्क्रीन लेस रहने की आदत डालें: सीडीओ
समारोह की विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने छात्र-छात्राओं के साथ अपने अनुभव साझा किए। बोर्ड परीक्षाओं के बाद की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं के तैयारी की रणनीति बताई। उन्होंने कहा कि अखबार और किताब पढ़ने की आदत होनी चाहिए। यूपीएससी की तैयारी के दौरान अखबार लेकर बैठते थे। जो तथ्य उपयोगी लगते थे, उसे लिख लेते थे। इसका तैयारी में काफी लाभ मिला।
उन्होंने बच्चों से कहा कि जब भी पढ़ने बैठें, पेन-पेपर लेकर बैठे। यह आईटी का युग है। हर किसी के जीवन में सोशल मीडिया का उपयोग बढ़ा है। यह महत्वपूर्ण है, फिर भी खुद को ज्यादा से ज्यादा टाइम स्क्रीन लेस रखने की कोशिश करें। जितना पढ़ सकते हैं, उसे पढ़ें। पढ़ने से सोचने-समझने की क्षमता बढ़ती है। इससे चीजें याद रहती हैं। उन्होंने भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब तक आपने बहुत अच्छा किया है। आगे और अच्छा करें। देश के विकास में अपना योगदान सुनिश्चित करें।
पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों में भी लें हिस्सा: डीएम
डीएम चर्चित गौड़ ने कहा कि पढ़ाई जरूरी है, लेकिन सिर्फ अच्छी पढ़ाई के भरोसे ही आगे नहीं बढ़ सकते। आईआईटी दिल्ली से स्नातक के दौरान यह सीखा कि सिर्फ एकेडमिक के आधार पर आप एवरेज से आगे नहीं जा सकते। व्यक्तित्व का बहुमुखी विकास जरूरी है। खुद को पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों से भी जोड़ें। रोज एक निर्धारित समय उसके लिए निकालें। कॅरियर में जो भी करना है, उसके बारे में अच्छे से सोच समझ कर निर्णय लें। वही कॅरियर चुनें, जिसमें खुद को संतुष्ट हों। जो पसंद नहीं है, उसे चुनेंगे तो कभी अच्छा नहीं कर पाएंगे।
उन्होंने कहा कि हम सब इस दौर से गुजरे हैं। हमें लगता है कि हम बहुत समझदार हो चुके हैं, लेकिन उतना हुए नहीं होते हैं। अपने अभिभावक व शिक्षक से मार्गदर्शन लेते रहें। जितना आप खुद को समझ रहे हैं, उससे कहीं ज्यादा आपके अभिभावक-शिक्षक आपको समझते हैं। सिर्फ वही ऐसे हैं, जो निस्वार्थ भाव से आपको सही दिशा दे सकते हैं।
प्रोत्साहन देता है सम्मान: डीआईओएस
डीआईओएस जयराम सिंह ने कहा कि सम्मान प्रोत्साहन देता है। आगे और अच्छा करने के लिए प्रेरित करता है। इसे एक अवसर के रूप में लें। हजारों परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल हुए थे। इसमें उन्हीं का सम्मान हो रहा है, जिन्होंने बेहतर प्रदर्शन किया है। यह पहला मौका है। आगे की चुनौती इससे कठिन है। खुद को उसके लिए तैयार करें।
कॅरियर के कई विकल्प, सोच-समझकर चुनें
वाराणसी के अशोका इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के असिस्टेंट प्रोफेसर रोहित सिंह ने बच्चों को कॅरियर से जुड़ी जानकारी दी। कहा कि 12वीं के बाद कॅरियर के लिए कई राह हैं। अपना लक्ष्य निर्धारित कर लें। मेडिकल, इंजीनियरिंग के अलावा भी बहुत से विकल्प हैं, जिसमें बेहतर संभावनाएं हैं। इसके बारे में सही जानकारी रखें। उन्होंने विद्याथियों से सवालों के जरिए उनकी रुचि और कॅरियर विकल्प के बारे में जानकारी ली। छात्र-छात्राओं के सवालों का जवाब देते हुए मार्गदर्शन किया।
प्रायोजकों का भी हुआ सम्मान
कार्यक्रम के मुख्य प्रायोजक मोनू होलसेल्स, सह प्रायोजक प्रकाश जीनियस इंग्लिश स्कूल, कीर्ति पाली हास्पिटल एवं कीर्ति इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज पिपरी रोड, श्री एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल पसहीं कला, सांईनाथ कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड नर्सिंग, सांईनाथ हॉलिस्टिक हास्पिटल हिंदुआरी, मां वैष्णो मॉडर्न पब्लिक स्कूल ब्रह्मनगर, सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल, दिल्ली पब्लिक सेकेंडरी स्कूल, ग्लेनहिल स्कूल छपका, रघुवीर राम निजी आईटीआई पसहीं कला, विंध्य कन्या पीजी कॉलेज, गुरुकृपा बुक्स रोडवेज बस स्टैंड, ओमप्रकाश पांडेय कॉलेज ऑफ पैरामेडिकल साइंसेज रॉबर्ट्सगंज को कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग के लिए अमर उजाला के मंच से स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
ओलंपियाड के टॉपर्स भी हुए सम्मानित
सोनभद्र। समारोह में अमर उजाला की ओर से सत्र 2025-26 में आयोजित नेशनल ओलंपियाड परीक्षा में जिले के टॉपर रहे छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा। अलग-अलग विषयों के आधार पर इन मेधावियों का चयन किया गया था। सभी को डिस्टि्रक्ट टॉपर का प्रमाण पत्र और मेडल अतिथियों ने प्रदान किया।