मोहर्रम के चालीसवें पर चेहल्लुम का जुलूस रविवार को राबर्ट्सगंज में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाला जाएगा। इस दौरान युवक विभिन्न तरह के करतब दिखाए और सीनाजनी कर मातम किया। जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों से होकर कर्बला पहुंचा, जहां फूल-माला सुपुर्दे खाक किया गया।
मोहर्रर के चालीसवें पर रविवार को राबर्ट्सगंज में रिजवी कटरा से चेहल्लुम का जुलूस निकाला गया। इस दौरान युवक हसन-हुसैन के गम में सीनाजनी कर रहे थे। युवाओं ने विभिन्न तरह के करतब दिखाए। जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान सुरक्षा में राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस और चौकी पुलिस के साथ ही पीएसी के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था में आगे-पीछे चलते रहे। ताजिया के साथ निकले इस जुलूस में कड़ाके की ठंड के बावजूद अच्छी खासी भीड़ रही। जुलूस कर्बला में पहुंचा जहां नमाज के बाद ताजिये का फूल-माला सुपुर्दे खाक किया गया। इसके पूर्व नगर में कई जगहों पर लंगर का आयोजन किया गया। इस दौरान तमाम लोगों ने तवर्ररूख के रूप में खिचड़े का स्वाद चखा। जुलूस के दौरान अंजुमन इस्लामियां कमेटी के सदर मुश्ताक खां, हाजी नूर मोहम्मद, सिराजुद्दीन खां, फतेह मोहम्मद, शेख मुन्नी भाई, एहसान उल्ला खां, फरीद खां, अशर्फी रिजवी, असलम रिजवी, अब्बास रिजवी, बबलू मौजूद रहे। घोरावल प्रतिनिधि के अनुसार चेहल्लुम का जुलूस नगर से निकाला गया। इस दौरान मुक्खा मोड़ पर लोगों ने दिखाए। जुलूस में शामिल लोगों ने हसन हुसैन के नारे लगाए और मातम किया। पिछले वर्षों की तरह दोपहर में कुनरूख मिर्जापुर, भावां, रमपुरवा घोरावल एवं हुसैनी अखाड़ा के बीच प्रदर्शन का मुकाबला हुआ। इसमें युवाओं ने तरह-तरह का खेल दिखाया। मुकाबले में कुनरूख मिर्जापुर की टीम प्रथम, भावां द्वितीय और रमपुरवा घोरावल की टीम तीसरे स्थान पर रही। सभी को पुरस्कृत किया गया। निर्णायक मंडल में एसओ भारत भूषण तिवारी, इनामुल हक अंसारी, जय प्रकाश मोदनवाल और मुमताज अली रहे। इस मौके पर मोहम्मद इब्राहिम, इम्तियाज, नीरज श्रीवास्तव, यूसुफ, मुख्तार अहमद, सगीर अहमद, फिरोज, रोशन अली, सूरज मौजूद रहे।
ओबरा संवाददाता के अनुसार रविवार की शाम तापीय परियोजना क्षेत्र के सेक्टर सात से चेहल्लुम का जुलूस निकाला गया। इमाम हुसैन की शहादत के 40वें दिन निकलने वाले इस जुलूस में युवाओं और बच्चों ने एक से बढ़कर एक करतब का प्रदर्शन किया। वहीं जंजीरी मातम देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। जुलूस सेक्टर सात से होता हुआ अंबेडकर चौराहा, सुभाषचंद्र बोस तिराहा होकर कर्बला पहुंचा। यहां फातिहा पढ़ी गई। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में थानाध्यक्ष गगनराज सिंह मौजूद रहे। जुलूस का नेतृत्व सैयद वजीर हसन ने किया। जुलूस में मुजाफिर हसन, नेगी रोजा, वजीर हसन, सैयद हैदर आदि रहे।