विंढमगंज की ग्राम पंचायत धरतीडोलवा के कंपोजिट व प्राथमिक विद्यालय द्वितीय की बदहाली की खबर छपने के बाद विभाग हरकत में आया है। बुधवार को बीईओ दुद्धी महेंद्र मौर्य विद्यालय पहुंचे। विद्यालय भवन और परिसर की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने जर्जर भवन को जल्द गिराने और बाउंड्रीवाल निर्माण की बात कही।
अमर उजाला में गत दस अप्रैल के अंक में भवन जर्जर और बाउंड्री टूटी... डर के साए में जला रहे ज्ञान की रोशनी शीर्षक के साथ धरतीडोलवा गांव के कंपोजिट व प्राथमिक विद्यालय द्वितीय की बदहाली की खबर प्रकाशित की थी।
बुधवार को बीईओ दुद्धी महेंद्र मौर्य ने विद्यालय पहुंचकर वस्तु स्थिति की जांच की। निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान सुरेंद्र पासवान और विद्यालय के प्रधानाचार्य भी मौजूद रहे। बताया कि कंपोजिट विद्यालय में शौचालय की स्थिति संतोषजनक पाई गई है।
विद्यालय के अधूरे बाउंड्रीवॉल को पूर्ण कराने के लिए उच्च अधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र धनराशि जारी कराई जाएगी। प्राथमिक विद्यालय द्वितीय के निरीक्षण में वर्षों पहले बने दो कमरे और एक ऑफिस अब पूरी तरह जर्जर और खतरनाक स्थिति में हैं। इस संबंध में मूल्यांकन समिति को कई बार पत्राचार किया जा चुका है।
जल्द ही आदेश मिलते ही ध्वस्तीकरण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्राथमिक विद्यालय द्वितीय की बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए भी प्रस्ताव भेजा गया है और प्रयास किया जा रहा है कि इसे भी जल्द स्वीकृति दिलाकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।