बभनी थाना क्षेत्र की चपकी ग्राम पंचायत के चक चपकी प्राथमिक विद्यालय के सामने बुधवार को एक वृद्ध का शव मिला। करीब सात घंटे बाद उसकी पहचान हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया।
लोगों ने प्राथमिक विद्यालय के सामने एक वृद्ध को औंधे मुंह गिरा देखा। उसके आधे शरीर पर कपड़े नहीं थे। पास गए तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। सूचना पर बभनी पुलिस मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों ने बताया कि वृद्ध को कुछ दिनों पहले बखरिहवां बाजार में देखा गया था। तीन दिनों से चपकी व महुअरिया गांव में भी घूमते देखा गया है। सोशल मीडिया में साझा तस्वीरों के माध्यम से मृतक की पहचान दोपहर करीब डेढ़ बजे करमा थाना क्षेत्र के पांपी गांव निवासी रामलाल मौर्य (70) के रूप में हुई।
परिजनों ने बताया कि वह एक सप्ताह पूर्व ड्राइवरी के लिए अंबिकापुर जाने की बात कह घर से निकले थे। वहां न पहुंचने पर खोजबीन की जा रही थी। प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया गया। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।