ओबरा तापीय परियोजना के विस्तारीकरण में लगाई जाने वाली 1320 मेवा की 'सी परियोजना की जद में आने वाले संभावित विस्थापितों का विरोध शनिवार को भी जारी रहा। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को सदर एसडीएम कैलाश सिंह ने मौके पर पहुंच कर लोगों से बातचीत की। कहा कि बिना पुनर्वास की व्यवस्था किए लोगों को हटाया नहीं जाएगा।
विस्थापितों ने एसडीएम को कई समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही चेतावनी दी कि परियोजना का निर्माण तब तक नहीं होने देंगे, जब तक कि उनके पुनर्वास की व्यवस्था प्रशासन की ओर से नहीं की जाती है। इस दौरान एसडीएम ने कहा कि समतलीकरण कार्य में डकहिया पहाड़ी के पास बसे लोगों को हटाने से पहले पुनर्वास की व्यवस्था की जाएगी। जब तक अन्यत्र जमीन मुहैया नहीं करा दी जाती, इनको हटाया नहीं जाएगा।
पुनर्वास के लिए संभावित कई स्थानों का मुआयना भी किया। कहा कि परियोजना के इर्दगिर्द जमीन की तलाश कराई जाएगी ताकि लोगों को बसाया जा सके। लेखपाल को जमीन तलाशने का निर्देश भी जारी कर दिया गया है। इस मौके पर ओबरा थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव, रमेश सिंह यादव, राधा सिंह, सुशील मिश्रा संग्राम, संजय गोड़, सीमा रावत, कन्हैया ठाकुर, खुर्शीद आलम, कन्हैयालाल आदि मौजूद रहे।