अनपरा। नगर के वार्ड-14 के आदर्शनगर के रिहायशी इलाके में दशकों से गंदगी से भरे तालाब का कायाकल्प होने जा रहा है। तालाब की सफाई के साथ सीढ़ी और पाथ वे बनेंगे। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना से तालाब के सुंदरीकरण के लिए शासन की ओर से 40 लाख का धन स्वीकृत हुआ है। ठेकेदार ने कार्य भी शुरू कर दिया है।
आदर्शनगर के शिव मंदिर के बगल में पांच दशक पुराना तालाब है। स्थानीय काश्तकारों को ग्राम समाज को जमीन तालाब के लिए दी थी। तालाब का निर्माण जल संरक्षण और पूजा पाठ के लिए कराया गया था, लेकिन बढ़ती आबादी के साथ पोखरा सिकुड़ता गया और आसपास के लोगों ने तालाब में कूड़ा फेंकने लगे। लोगों ने घरों की नालियों को तालाब की ओर निकाल दिया। अब तालाब से बदबू आती है। आदर्शनगर पूरे नगर का सबसे रिहायशी ईलाका माना जाता है। इसके बावजूद आज तक तालाब की सफाई और सुंदरीकरण के लिए कोई पहल नही की गई। हमेशा से यह उपेक्षा का शिकार होता चला आया। गांव से नगर बनने के बाद नगर पंचायत ने पोखरा के संरक्षण और सुंदरीकरण की पहल की और तालाब के सुंदरीकरण के लिए कार्य योजना बनाकर मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत शासन को भेजी थी। शासन की ओर से सुंदरीकरण के लिए 40 लाख का धन स्वीकृत किया गया था। नगर पंचायत ने निविदा कराकर तालाब की सफाई का कार्य शुरू कर दिया है। नगर प्रशासन ने तालाब में कूड़ा फेंकने पर प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही तालाब की ओर जलनिकासी को बंद करने के लिए कहा है। कार्य शुरू होने से आसपास के लोग खुश है। हम लोगों को छठ पर्व के लिए दूर नही जाना होगा। लोगों ने नगर पंचायत की इस पहल की सराहना की है।
ये होंगे प्रमुख कार्य
-पूरे तालाब की सफाई कराई जाएगी।
-सीढ़ी निर्माण किया जाएगा।
-इंटरलॉकिंग पाथवे निर्माण।
-तार से पूरे तालाब की बाउंड्री बनाई जाएगी।
-तालाब परिसर में पौधरोपण किया जाएगा।
वर्जन....
जलस्रोतों का संरक्षण प्राथमिकता है। तालाब के सुंदरीकरण से नगर की सुंदरता बढ़ेगी और नागरिकों को सुबह शाम टहलने में सहूलियत होगी। नगर के अन्य तालाबों का भी सुंदरीकरण किया जाएगा।-विश्राम प्रसाद बैसवार, अध्यक्ष नगर पंचायत अनपरा।