सोनभद्र। जिले के 40वें जिलाधिकारी के रूप में बद्रीनाथ सिंह ने सोमवार की रात कार्यभार ग्रहण कर लिया। रात करीब साढ़े आठ बजे पहुंचे नवागत डीएम सबसे पहले कोषागार गए। वहां वरिष्ठ कोषाधिकारी इंद्रभान सिंह ने उन्हें चार्ज दिलाया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में शासन की योजनाओं का पारदर्शिता के साथ क्रियान्वयन और भूमि विवाद के समाधान को प्राथमिकता बताई।
कहा कि भूमि विवाद के मामले में राजस्व टीम को मौके पर भेजकर गुणवत्तापूर्ण समाधान का प्रयास रहेगा, ताकि दोबारा विवाद की स्थिति न बने। विधि एवं शांति व्यवस्था के अनुपालन सुनिश्चित कराएंगे। करीब 56 वर्षीय बद्रीनाथ सिंह वर्ष 2020 बैच के आईएएस हैं। बतौर डीएम यह उनकी पहली तैनाती है। वर्तमान में वह राज्यपाल के विशेष सचिव के पद पर तैनात थे। इससे पहले बलिया में सीडीओ, सिद्धार्थ यूनिवर्सिटी सिद्धार्थनगर में कुलसचिव, कानपुर में एडीएम, गोरखपुर में नगर आयुक्त के पद पर भी कार्य कर चुके हैं। कार्यभार ग्रहण के दौरान सीडीओ सौरभ गंगवार, एडीएम सहदेव कुमार मिश्र, सुभाष चंद्र यादव, एसडीएम राजेश कुमार सिंह, विवेक कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।