सोनभद्र जिले में नकली नोटों की खेप फिर चलन में आने लगी है। एसबीआई के करेंसी चेस्ट में 12 हजार रुपये के जाली नोट पहुंचे हैं। यह रुपये आरबीआई को ट्रांसफर भी हो गए। बाद में जब बारिकी से जांच हुई तो जाली नोट देख अफसर चौंक गए। अब आरबीआई की ओर से सदर कोतवाली में केस दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। उधर, केस दर्ज होने के बाद बैंक कर्मचारियों में खलबली मच गई है।
यह पूरा मामला
नोटबंदी के बाद काफी हद तक जाली नोटों का चलन थम गया। लिहाजा लोग लेन-देन भी बेधड़क नकदी का इस्तेमाल करने लगे। अब फिर से जाली नोट मिलने से लोग सकते में है। आरबीआई के दावा अनुभाग में तैनात आईपीएस गहलोत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि एसबीआई रॉबर्ट्सगंज की मुद्रा तिजोरी (करेंसी चेस्ट) से मार्च में भेजे गए रुपये में जाली नोट पाए गए हैं। लिहाजा मामले में केस दर्ज कर जांच की जाए।
सदर कोतवाल सत्येंद्र राय ने बताया कि करीब 12,100 रुपये के जाली नोट मिलने की बात सामने आई है। तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। उच्चाधिकारियों के निर्देशन में इसकी जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह नोट एसबीआई की करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंचे। एएसपी कालू सिंह ने बताया कि करेंसी चेस्ट में दो हजार के छह और सौ का एक नोट नकली मिला था। अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।