ओबरा नगर स्थित श्रीराम मंदिर परिसर स्थित शिव मंदिर में सावन के अंतिम सोमवार 19 अगस्त को बाबा बर्फानी की भव्य झांकी के दर्शन होंगे। श्रीराम मंदिर एवं मानस भवन समिति के संयुक्त तत्वावधान में अमरनाथ गुफा की कलाकृति को कोलकाता से आए कलाकार तैयार करेंगे।
समिति के नीलकांत तिवारी एवं सुनीत खत्री ने बताया कि कारीगरों की ओर से 100 से अधिक बर्फ की सील्लियों से बनाई जाने वाली झांकी को देखने पर अमरनाथ गुफा की अनुभूति होगी। शिवलिंग और भगवान गणेश, मां पार्वती सहित अन्य देवी देवताओं की आकृतियों को भी बनाया जाएगा।
बता दें कि कई वर्षों से श्रीराम मंदिर प्रांगण में सावन के अंतिम सोमवार को अमरनाथ गुफा की तर्ज पर बाबा बर्फानी की भव्य झांकी बनाई जा रही है। जिसके दर्शन के लिए नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।