सोनभद्र के बिल्ली गजराज नगर निवासी बीएससी की छात्रा कुमारी निधि (18) ने मंगलवार देर रात फांसी लगाकर जान दे दी। बुधवार सुबह घटना की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल के बाद शव को मर्चरी भेज दिया। पुलिस का कहना है कि परिजन भी खुदकुशी का कारण नहीं बता सके। जांच पड़ताल की जा रही है।
निधि ओबरा पीजी कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। परिजनों ने बताया है कि मंगलवार देर रात सब कुछ ठीक था। निधि खाना खाकर अपने कमरे में सोने चली गई। बुधवार सुबह देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने आवाज लगाई। दरवाजा भी खटखटाया लेकिन निधि का कोई जवाब नहीं आया। अनहोनी की आशंका में जब दरवाजा तोड़ा गया तो परिजनों के पैरों तल जमीन खिसक गई।
निधि दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर लटक गई थी। आननफानन उसे फंदे से उतारकर सीएचसी चोपन ले जाया गया जहां डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। ओबरा कस्बा चौकी इंचार्ज अमित कुमार त्रिपाठी के अनुसार सही तथ्यों की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। ओबरा क्षेत्राधिकारी शंकर प्रसाद मौके पर पहुंचे और छात्रा के परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली।