सोनभद्र। जनपदवासियों को भयमुक्त वातावरण प्रदान करने के लिए अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी चल-अचल संपति कुर्क की जाए। इसमें लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारियों को हटाकर उनके क्रियाकलापों की जांच कराई जाएगी। ये बातें मंगलवार को पुलिस लाइंस चुर्क के प्रशासनिक सभागार में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में डीएम अभिषेक सिंह और एसपी अमरेन्द्र प्रसाद सिंह ने कहीं। अधिकारियों ने आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को चिह्नित कर पाबंद करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने थाना प्रभारियों से कहा कि आगामी पंचायत चुनाव में अशांति का माहौल पैदा करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई करें। थानों में प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों का मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण करें। जमीन संबंधी मामलों में राजस्व कर्मियों के साथ मौके पर जाकर निस्तारण निरस्तारित करने का निर्देश दिया। हत्या, लूट समेत अन्य संगीन अपराध करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट सौंपने की हिदायत दी। ताकि उनकी संपत्ति कुर्क की जा सके।
एसपी ने लंम्बित विवेचनाओं के निस्तारण एवं आरोप पत्र के दाखिला के लिए हुए प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त होने वाले शिकायती पत्रों का अवलोकन कर निष्पक्ष जांच करते हुए समय से निस्तारित करने, रात में किसी महिला द्वारा सहायता मांगे जाने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की हिदायत दी। उन्होंने प्रतिबंधित मादक पदार्थों के परिवहन/बिक्री व पशु तस्करी, नकबजनी, चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने एवं महिला संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने तथा महिलाओं की सुरक्षा व सहायता पर विशेष ध्यान देने, एंटी रोमियो स्क्वाड को सक्रिय करने, मुख्य बाजार/मार्गों, चौराहों एवं हाइवे पर रात्रि गश्त तेज करने की भी हिदायत दी। उन्होंने प्रभावी तरीके से वाहनों की जांच करने, थानों में महिला हेल्प डेस्क, डिजिटल वालंटियर, 1090, 112, 108 के बारे में लोगों को जागरूक करने का निर्देश भी दिया। बैठक में एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह, एएसपी ओपी सिंह, एएसपी राजीव सिंह, एसडीएम कृपाशंकर पांडेय, सिटी सीओ राजकुमार तिवारी, सदर सीओ अभिनव यादव, ओबरा सीओ भाष्कर वर्मा, पिपरी सीओ वीएस मिश्रा, दुद्धी सीओ रामआशीष यादव आदि मौजूद रहे।