सोनभद्र। चोपन ब्लॉक के गुरमुरा में स्थित मंडल स्तरीय अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए 22 अप्रैल को होने वाली प्रवेश परीक्षा फिलहाल शासन स्तर से टाल दी है। अब प्रवेश परीक्षा मई में आयोजित की जाएगी। हालांकि अभी तिथि निर्धारित नहीं हुई है। जुलाई माह से अटल विद्यालय में कक्षाएं शुरू होने की उम्मीद की जा रही है।
जिले के चोपन ब्लॉक के गुरमुरा में श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैया कराने के लिए अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है। विद्यालय में एक हजार श्रमिक के बच्चे निशुल्क शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे। नए शिक्षा सत्र से विद्यालय संचालन की तैयारी है। कक्षा छह में निर्धारित 80 सीट पर छात्र-छात्राओं का प्रवेश लेने के लिए 22 अप्रैल को प्रवेश परीक्षा आयोजित होनी थी। इसके लिए मंडल स्तर पर 48 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। प्रवेश परीक्षा के लिए मिर्जापुर जिले में 29, भदोही में 10 और सोनभद्र जिले में नौ केंद्रों बनाए गए हैं। मगर शासन स्तर से 22 अप्रैल को होने वाली प्रवेश परीक्षा को निरस्त कर दिया गया है। इस संबंध में श्रम प्रवर्तन अधिकारी सुयस पांडेय ने बताया कि 22 अप्रैल को आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा शासन स्तर से टाल दिया गया है। अब अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए मई माह में परीक्षा आयोजित की जाएगी। अभी तिथि निर्धारित नहीं हुआ है।