ओबरा। यातायात माह का समापन सोमवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा में किया गया। मुख्य अतिथि एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि जब घर परिवार के अभिभावक सतर्क हो जाएं तो यातायात माह की सार्थकता सिद्ध हो जाएगी। यातायात के जो भी नियम हैं जैसे हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, नशा न करना, नशे में गाड़ी न चलाना, इसका पालन किया जाना चाहिए।
प्रभारी थाना ओबरा शैलेश कुमार राय ने सभी का अभिनंदन करते हुए बताया कि यह यातायात माह व्यक्ति को जागरुक करने के लिए एक नवंबर से 30 नवंबर यातायात माह के रूप में चलाया जाता है। प्रभारी यातायात वागीश विक्रम सिंह ने कहा कि जब भी हम रोड पर निकलें तो चार पहिया वाहन चालक सीट बेल्ट व दो पहिया वाहन चालक हेलमेट का उपयोग अवश्य करें। कहा कि हम सभी यातायात के नियमों का पूरी तरह पालन करें तो इस माह को मनाने की आवश्यकता नहीं होगी। प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि समापन समारोह में बताए हुए नियमों को आत्मसात करें। एएसपी ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि कई बार ऐसा होता है कि दुर्घटना जब घटित होती है तब व्यक्ति को आजीवन सीख मिलती हैं, लेकिन यातायात माह का तात्पर्य यही है कि दुर्घटना का दुष्परिणाम भुगतने के पहले ही हम यातायात के नियमों को सीख लें। छात्र-छात्राओं में वर्णिका राय, फलक, सिद्धिका, पायल, आफरीन, कंचन दूबे, आकाश, श्यामबाबू केशरी ने यातायात जागरूकता संबंधित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। ओबरा इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. एस के मिश्र, ओबरा महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. राधाकांत पांडेय, डॉ. किशोर कुमार सिंह, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. संतोष सैनी, प्रो. उपेंद्र कुमार, डॉ. विकास कुमार, डॉ. विभा पांडेय व प्रमोद केशरी, महेश कुमार पांडेय, चौकी इंचार्ज कृष्ण औतार सिंह महाविद्यालय के एनसीसी, एनएसएस, रोवर्स रेंजर छात्र-छात्राएं आदि मौजूद रहे। संचालन अध्यापक अनिल कुमार सिंह ने किया।