दुद्धी। कस्बे में स्थित एक निजी अस्पताल में शुक्रवार को उपचार के दौरान एक महिला की मौत के मामले में मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने अस्पताल संचालक और डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह ने बताया कि क़स्बे में स्थित एक निजी अस्पताल में बृहस्पतिवार को विंढ़मगंज थाना क्षेत्र के मेदिनीखाड़ निवासिनी राधिका देवी को भर्ती कराया था। जहां डॉक्टर ने विवाहिता के पेट मेें ट्यूमर होने की बात कहते हुए ऑपरेशन करने के लिए हजारों रुपये जमा करवाने के बाद कर दिया। शुक्रवार की शाम उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। इसकी जानकारी होने पर घरवाले चिकित्सक की लापरवाही होने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। उधर मामला गरमाता देख अस्पताल से जुड़े अधिकांश लोग चले गए। रात में पुलिस ने नाराज लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराते हुए शव का पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्वी ले गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतका के पति शंकर राम के तहरीर पर अस्पताल संचालक समेत घटना में लिप्त चिकित्सक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर घरवालों को सुपुर्द कर दिया गया। कहा कि विवेचना के दौरान जो दोषी मिलेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।