शक्तिनगर। सीमा से सटे मध्यप्रदेश के सिंगरौली में राख लोड ट्रक ने एक राहगीर को कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना शनिवार रात बैढ़न कोतवाली क्षेत्र में आरटीओ कार्यालय के समीप हुई। इसको लेकर ग्रामीणों व परिजनों ने हंगामा किया। इसके चलते काफी देर तक मार्ग पर आवाजाही ठप रही।
क्षेत्र के तेलाई के रहने वाले श्यामलाल साकेत (50) पैदल घर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक ने कुचल दिया। घटना की जानकारी लगते ही गुस्साए परिजनों ने चक्काजाम कर दिया और मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। कहा कि राहत राशि दी जाए और किसी एक परिजन को नौकरी दी जाए। मौके पर पहुंचे कोतवाली बैढ़न प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपये देते हुए शासन स्तर से नियमानुसार मदद दिलाने का भरोसा दिलाया। तब मामला शांत हुआ और शव को पोस्टपार्टम के लिए भिजवा दिया गया।
वाहन की चपेट में आने से महिला की मौत
कोन/सोनभद्र। थाना क्षेत्र के चौकी क्षेत्र चाचीकलां के ग्राम चाचीकलां कोन में शनिवार की रात वाहन की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई।
अपनी ससुराल केवाल से धर्मशीला पत्नी देव कुमार अपनी पुत्री मीना के साथ अपने मायके चाची कला गांव पैदल जा रही थीं। इस दौरान कोन की ओर से जा रहे किसी चारपहिया वाहन की चपेट में आ जाने के कारण धर्मशीला के सिर में गंभीर चोट आ गई। आनन-फानन में पीआरवी ने एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोन पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया गया। घटना में बारह वर्षीय पुत्री बाल बाल बच गई। प्रभारी निरीक्षक गोपाल गुप्ता ने बताया कि वाहन की तलाश की जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि दुर्घटना के बाद मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण पीआरडी व एंबुलेंस बुलाने में काफी समय लग गया।