चावल और गेहूं कम मिलने से नाराज कोटेदारों ने सोमवार को राबर्ट्सगंज नगर में स्थित एफसीआई गोदाम पर प्रदर्शन किया। कोटेदारों ने सीनियर मार्केंटिंग इंस्पेक्टर के खिलाफ नारेबाजी की।
उन्होंने एसएमआई पर अनाज कम देने का आरोप लगाया। चेतावनी देते हुए कोटेदारों ने कहा कि तत्काल घटतौली बंद कर उत्पीड़न बंद नहीं किया गया तो वृहद आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
दोपहर करीब 12 बजे एफसीआई गोदाम पर कोटेदार अनाज की निकासी कराने के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि यहां प्रति बोरी में एक से दो किग्रा अनाज कम दिया जा रहा है।
इसका आरोप लगाते हुए कोटेदारों ने विरोध करना शुरू कर दिया। इस दौरान नाराज कोटेदार ट्रैक्टर-ट्राली से चावल और गेहूं से भरी बोरियों को नीचे उतरवाने लगे।
गोदाम पर तैनात संबंधित कर्मचारियों ने कोटेदारों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वे कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे।
कोटेदारों ने एसएमआई पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन के दौरान कोटेदारों का कहना था कि प्रति बोरी में अनाज कम मिलने से उन्हें कार्डधारकों के रोष का सामना करना पड़ता है।
अनाज कम मिलने की शिकायत कार्डधारक प्रशासनिक अधिकारियों से करते हैं तो मुसीबत खड़ी हो जाती है। कहा कि गोदाम से अनाज कम मिलने की शिकायत पूर्व में कई बार संबंधित अधिकारियों से की जा चुकी है,
लेकिन अभी भी समस्या जस की जस है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बोरियों में अनाज कम मिलना बंद नहीं हुआ तो वे उठान नहीं करेंगे।
विरोध करने में कोटेदार भाईलाल, वृजभूषण, विजय कुमार, बदाम प्रसाद, पियूष तिवारी, गुप्तनाथ शामिल रहे। उधर जिला विपणन अधिकारी वीआर चतुर्वेदी का कहना है कि किसी भी बोरी में अनाज कम नहीं दिया जाता। अगर किसी कोटेदार को बोरी में अनाज कम होने की आशंका होती है तो बोरी वजन करा कर लें।