राबर्ट्सगंज ब्लॉक सभागार में प्रधान और क्षेत्र पंचायत की बैठक को संबोधित करते ब्लॉक प्रमुख पंकज सिंह पटेल।
क्षेत्र पंचायत बोर्ड राबर्ट्सगंज की शुक्रवार को हुई बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। सदस्यों ने अव्यवस्था को लेकर बैठक में ब्लाक प्रमुख के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बैठने की जगह न मिलने पर असंतोष जताया। प्रधानों को बैठाए जाने का विरोध करते हुए सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार करने की कोशिश की तो डीपीआरओ और बीडीओ ने सभी को समझाकर शांत करा दिया। इस दौरान ग्राम पंचायतों में विकास की योजना तैयार की गई।
सदर ब्लॉक में शुक्रवार की दोपहर ब्लॉक प्रमुख पंकज पटेल की अध्यक्षता में बैठक शुरू हुई। इसमें क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ ही ग्राम प्रधानों को भी आमंत्रित किया गया था। अव्यवस्था कम होने के नाते तमाम सदस्य खड़े ही रह गए। उन्होंने जब देखा कि ज्यादातर प्रधान कुर्सियों पर विराजमान हैं तो वे भड़क गए। सदस्यों ने बैठक में अव्यवस्था को लेकर ब्लाक प्रमुख और बीडीओ के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। बैठक में मौजूद जिला पंचायत राज अधिकारी एमपी द्विवेदी, बीडीओ हरिश्चंद्र प्रजापति और ब्लॉक प्रमुख ने सदस्यों को मनाकर शांत कराया। इसके बाद बैठक में डीपीआरओ ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत चलाए जा रहे ओडीएफ योजना को सफल बनाने के लिए हर घर में शौचालय का होना जरूरी है।
सभी सेक्रेटरी और प्रधान जिनके यहां शौचालय नहीं बना है उन्हें चिह्नित कर उनका शौचालय बनवाने का कार्य करें। कहा कि ग्रामीणों को खुले में शौच करने से होने वाली बीमारी के बारे में भी लोगों को जागरूक करें। ब्लॉक प्रमुख और बीडीओ ने प्रधानों और सेक्रेटरियों को गांवों में अधिक से अधिक विकास कार्य कराने के लिए प्रेरित किया। कार्ययोजना तैयार कर अनुमोदन कराने को कहा ताकि विकास कार्य हो सके। इस मौके पर एडीओ पंचायत उपेंद्र पांडेय, प्रधान शमशेर सिंह, मोहन पांडेय, इंदू सिंह, अवधेश चौबे, मुकेश पटेल, राजकुमार यादव, डा. बिमलेश सिंह, राजेश सोनी आदि मौजूद रहे।