उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद अभियंता संघ ने विद्युत कर्मियों की मांग वार्ता के अनुसार पूरी न होने पर आंदोलन की धमकी दी है। संघ के महासचिव डीसी दीक्षित ने राज्य विद्युत उत्पादन निगम को पत्र लिखकर चेताया है कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो 31 मई से आंदोलन किया जाएगा।
अभियंता संघ ओबरा, पिपरी क्षेत्र के सचिव इं. अदालत वर्मा ने कहा कि फरवरी 2009 के बाद नियुक्त, प्रोन्नत सहायक अभियंताओं को पांच प्रारंभिक वेतन वृद्धि तथा 6600 ग्रेड पे दिए जाने के बाबत सचिव वित्त उत्तर प्रदेश शासन की समिति द्वारा प्रारंभिक वेतन वृद्धियां प्रदान किए जाने की अनुशंसा की जा चुकी है। इसके बावजूद पावर कारपोरेशन ने इसका आदेश नहीं जारी किया। प्रबंधन निदेशक मंडल की आगामी बैठक में निर्णय देकर आदेश जारी करने का आश्वासन दे रहा है। इसलिए इस समिति को तत्काल भंग करते हुए एवं और कोई देरी किए बिना शासन के निर्णय के अनुरूप प्रारंभिक वेतन वृद्धियां एवं 6600 ग्रेडपे दिए जाने के आदेश 31 मई 2016 से पूर्व जारी किए जाएं।
वर्मा ने कहा कि 30 सितंबर 2015 को संघ की हुई वार्ता एवं प्रबंधन के आश्वासन के बाद अभियंताओं में यह उम्मीद जगी थी कि उनकी समस्याओं एवं मांगों पर प्रबंधन द्वारा शीघ्रता से कार्रवाई कर निर्णायक आदेश वर्ष 2015 में ही जारी कर दिए जाएंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने प्रबंधन से मांग की है कि 30 सितंबर 2015 को हुए समझौते के बिंदु पर शीघ्रता से कार्रवाई कर सभी निर्णायक आदेश 31 मई 2016 तक जारी किए जाए अन्यथा संघ की केंद्रीय कार्यकारिणी वृहद आंदोलन की घोषणा कर देगी।