सोनभद्र। बीएचयू की कार्यपरिषद में कुछ सदस्यों की नियुक्तियों को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने आपत्ति जताते हुए राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। कलेक्ट्रेट में डीएम को ज्ञापन सौंपते हुए नियुक्तियों में पक्षपात का आरोप लगाया।
छात्र संगठन के जिलाध्यक्ष अंशु गुप्ता के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपने पहुंचे छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि विवि जैसी प्रतिष्ठित संस्था की कार्यपरिषद में पारदर्शिता और योग्यता को दरकिनार कर कुछ नियुक्तियां की गई हैं। यह न केवल शैक्षिक गुणवत्ता को नुकसान पहुंचा रही हैं, बल्कि प्रशासनिक अस्थिरता का कारण भी बन रही हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि कार्यपरिषद के उन सदस्यों की जांच हो, जिनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि संदिग्ध है। उन्हें सिर्फ राजनीतिक प्रभाव के चलते नियुक्त किया गया है।
शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों या विश्वविद्यालय से जुड़े अनुभवी लोगों को यह पद दिया जाना चाहिए था, लेकिन उसे दरकिनार कर किया गया, जो विश्वविद्यालय की साख के विपरीत है। ज्ञापन सौंपने वालों में छात्र नेता संदीप मद्धेशिया, सचिन कुमार, नैतिक कुमार, निगम कुमार, शिवा बियार आदि शामिल रहे। संवाद