ऊर्जा जगत का बहुप्रतिक्षित प्रोजेक्ट अनपरा डी आखिरकार अपने मुकाम पर पहुंच ही गया। मंगलवार को सूबे के मुखिया अखिलेश यादव सुबह साढ़े दस बजे कंट्रोल रूम का बटन दबाकर एक हजार मेगावाट क्षमता वाली अनपरा डी का लोकार्पण करेंगे।
इसी के साथ यहां की पांच सौ मेगावाट वाली इकाई उत्पादन पर आ जाएगी। मुख्यमंत्री यहीं से हरदुआगंज में स्थापित 120 मेगावाट की सातवीं इकाई का भी लोकार्पण करेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इसके मद्देनजर पूरे दिन विभागीय उच्चाधिकारियों के अलावा प्रशासनिक अधिकारियों का आवागमन बना रहा।
बता दें कि प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का सोनभद्र के अनपरा में पहली बार आगमन हो रहा है। वे मंगलवार को अनपरा डी का लोकार्पण करने आ रहे हैं। इस दौरान अन्य विकास योजनाओं की भी घोषणा करेंगे।
ऐसी उम्मीद जताई जा रही है। प्रशासनिक सूत्रों की माने तो मध्यप्रदेश-उत्तर प्रदेश को जोड़ने के साथ ही घोरावल और चोपन ब्लाक के सोन नदी पार वाले इलाकों को आवागमन के साथ ही आर्थिक समृद्धि में बड़ा रोड़ा बनी सोन नदी
पर पुल की भी सौगात दी जाएगी। इसके अलावा चुर्क क्षेत्र के मुसहीं में राजकीय इंजीनियरिंग सहित कई सड़कों, कार्यों का शिलान्यास भी करेंगे। एक हजार करोड़ से अधिक की योजनाओं के घोषणा की भी उम्मीद जताई जा रही है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार को अनपरा डी के लोकार्पण के बाद अनपरा परियोजना कालोनी परिसर स्थित सीआईएसएफ मैदान में जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
तत्पश्चात साइकल वितरण कार्यक्रम मे भी शिरकत करेंगे। इसके पूर्व सभा के मद्देनजर यहां उनके लिए बड़ा मंच तैयार किया गया है। यही नहीं यहां आने वालों के लिए विशाल पंडाल की भी व्यवस्था की गई है।
पूरे दिन यहां की साज-सज्जा दुरूस्त करने की कवायद चलती रही। पंडाल के अंतिम छोर पर भी बैठे लोगों के लिए मुख्यमंत्री का संबोधन स्पष्ट पहुंचने के लिए पंडाल में एलईडी टेलीविजन भी लगाए गए हैं।
मैदान की क्षमता को देखते हुए दस हजार कुर्सियों के साथ ही पचास हजार लोगों के प्रवेश की व्यवस्था बनाई गई है। सीजीएम इं. त्रिभुवन तिवारी ने बताया कि सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।