सोनभद्र। गुजरात के मेहसाणा से आठ मई को जिन 1046 लोगों को लेकर विशेष ट्रेन सोनभद्र आई थी, उनमें से चार लोगों को बुखार की शिकायत मिलने पर स्टेशन से ही जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया गया था। उनमें से मथुरा जिला निवासी 27 वर्षीय चौथे व्यक्ति की तीसरी जांच रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इसकी पुष्टि सीएमओ डॉ. एसके उपाध्याय ने की है। सीएमओ ने बताया कि चौथे संक्रमित व्यक्ति को भी आज ही मिर्जापुर भेजा जाएगा। इन चार में से पूर्व में बहराइच निवासी दो सगे भाइयों व फिरोजाबाद निवासी एक व्यक्ति की रिपोर्ट पाजिटिव आई थी। इन्हें भी मिर्जापुर भेज दिया गया था। इन चारों के अलावा लोहरा गांव में तीन दिन पहले पिता-पुत्र की रिपोर्ट पाजिटिव आने पर इन्हें भी मिर्जापुर भेज दिया गया था। जिले में अब तक कुल छह लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आ चुकी है। सभी को मिर्जापुर भेजा गया है।
सीएमओ ने बताया कि बुधवार को 37 लोगों की जांच रिपोर्ट आई। इनमें से एक पाजिटिव व 36 निगेटिव हैं। जिस एक और व्यक्ति की रिपोर्ट पाजिटिव आई है, पूर्व में इसकी दो रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। आठ मई को मेहसाणा से 1046 लोगों को लेकर जब विशेष ट्रेन सोनभद्र आई थी, तो थर्मल स्क्रीनिंग के दौरान चार लोगों को बुखार आदि की शिकायत मिली थी। सभी को स्टेशन से ही जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड भेज दिया गया था। उनमें से तीन की रिपोर्ट पाजिटिव आने पर उन्हें पहले ही मिर्जापुर भेजा जा चुका है।
बुधवार को चौथे व्यक्ति की रिपोर्ट भी पाजिटिव आई है। इन्हें आज ही मिर्जापुर भेज दिया जाएगा। इनके अलावा 37 लोगों की रिपोर्ट में लोहरा में जिन पिता-पुत्र की जांच रिपोर्ट पाजिटिव आई थी, उनके परिवार के 11 सदस्यों की जांच रिपोर्ट भी शामिल है। सभी निगेटिव मिले हैं। लोहरा के पंपवा टोला व मधुपुर के छपरी टोला को चारों तरफ से बैरिकेडिंग कर आवागमन पर रोक लगा दी गई है। लोगों को घरों में ही रहने की अपील की जा रही है। लोहरा व छपरी टोला के जो लोग पाजिटिव मिले पिता-पित्र के संपर्क में आए थे, उनको चिह्नित करने का काम अब भी चल रहा है। संपर्क में आने वाले कुछ लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।